अब प्रदेश के जिलों में होंगी कांग्रेस के जिला प्रधानों की बैठक
पहली राज्य स्तरीय बैठक अंबाला शहर में होगी

हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने संगठन की मजबूती के लिए अब जिलों में बैठक करने का निर्णय लिया है। इस कड़ी में उन्होंने राज्य के सभी 33 जिला प्रधानों की बैठक गुरुवार को अंबाला शहर में बुलाई है। इस बैठक में जिलाध्यक्षों द्वारा अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा करने के साथ ही भविष्य की योजनाओं पर चर्चा होगी।
हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह द्वारा ली जाने वाली जिला प्रधानों की इस बैठक में प्रदेश सह प्रभारी जितेंद्र बघेल और प्रफुल्ल गुडधे शामिल होंगे। राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर दो दिन तक चंडीगढ़ में रहने के बाद प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद दो दिनों के लिए वापस दिल्ली लौट गये हैं।
जिलाध्यक्षों को बैठक में पिछले माह किए गए कार्यों, आंदोलन तथा जनहित के कार्यों का पूरा विवरण लाने को कहा गया है। बैठक में संगठन को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए जिलाध्यक्षों के सुझाव लिए जाएंगे। साथ ही विधायकों द्वारा जिलाध्यक्षों की कार्यप्रणाली को लेकर मिले फीडबैक पर भी चर्चा होगी।
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के अनुसार अब जिला प्रधानों की राज्य स्तरीय बैठक हर माह जिलों में आयोजित हुआ करेगी। इस दौरान उन्होंने राज्य में तेल और एलपीजी के संकट पर चिंता जाहिर की। राव ने कहा कि खाड़ी युद्ध (विशेष रूप से अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष) का असर अब भारत में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
कच्चे तेल और एलपीजी की अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति प्रभावित होने से ऊर्जा संकट गहरा गया है, जिसका सीधा प्रभाव आम उपभोक्ता पर पड़ रहा है। खाड़ी युद्ध के कारण कच्चे तेल और एलपीजी की आपूर्ति बाधित होने से देश में घरेलू गैस सिलेंडरों के दाम बढ़े हैं। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि महंगाई की मार पहले से झेल रही जनता पर अब गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों और कमी ने दोहरी मार डाल दी है।



