ChandigarhHaryanaNew Delhi

सीएम सैनी की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात, राज्य के विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा सत्र के बाद वीरवार को दिल्ली स्थित सेवा तीर्थ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान पीएम के साथ प्रदेश के विकास, नई औद्योगिक नीति, निवेश और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात के बाद सीएम ने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में कहा- हरियाणा की नई औद्योगिक पॉलिसी, प्रदेश में नया निवेश व विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई और पीएम का मार्गदर्शन प्राप्त किया।

सीएम ने बताया, नई औद्योगिक नीति लॉन्च होने के दिन ही करीब 1.10 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे, जिनमें से लगभग 25 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। जापान दौरे के दौरान हुए 4,500 करोड़ रुपये के एमओयू में से 2,500 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू हो चुकी हैं। मुंबई में उद्योगपतियों के साथ बैठक में भी करीब 66 हजार करोड़ रुपये के एमओयू हुए हैं।

सीएम ने कहा कि गुरुग्राम में जलभराव से निपटने के लिए सरकार कई स्तरों पर काम कर रही है। 99 चिन्हित जलभराव वाले स्थानों में अधिकांश जगह वाटर हार्वेस्टिंग वेल बनाए गए हैं। इनसे करीब 13 हजार मीट्रिक लीटर पानी भूजल में पहुंचा है। नालों की डी-सिल्टिंग पहली बार कैमरों की निगरानी में कराई जा रही है। अरावली क्षेत्र में चेक डैम बनाए गए हैं और 74 पुराने तालाबों व जल निकायों को व्यवस्थित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जापानी कंपनी निप्पॉन कोई से गुरुग्राम के जल निकासी सिस्टम का सर्वे कराया जा रहा है। इसके आधार पर निचले इलाकों का पानी नूंह होते हुए यमुना तक पहुंचाने की योजना है। आईआईटी दिल्ली के सहयोग से 100 नए रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर भी बनाए जाएंगे, जिनसे अगले मानसून तक 25 से 30 करोड़ लीटर पानी भूजल में पहुंचाने का लक्ष्य है।

कांग्रेस के प्रदर्शन और वॉकआउट पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है।उन्होंने 1984 के सिख दंगों के मुद्दे पर एक दलित-सिख विधायक की आवाज दबाने के प्रयास को भी गलत बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button