
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब की जनता को चुटकुले, प्रचार और विज्ञापन नहीं, बल्कि विकास, रोजगार, उद्योगों की सुरक्षा और अपनी समस्याओं का समाधान चाहिए। पंजाब के लोगों की क्षमता और परिश्रम में कभी कोई कमी नहीं रही, लेकिन प्रदेश को सही दिशा न दे पाने वाली सरकारों की नीति, नीयत और नेतृत्व ने पंजाब को विकास की दौड़ में पीछे कर दिया है।
मुख्यमंत्री रविवार को पटियाला के गांव ककराला में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री महारानी परनीत कौर व प्रोफेसर मलकीत सिंह व अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। इस मौके पर सैंकड़ों की संख्या में लोगों ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा। मुख्यमंत्री ने सभी का पार्टी ज्वाइन करने पर स्वागत किया।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब और हरियाणा भले ही दो अलग-अलग राज्य हैं, लेकिन दोनों की जड़ें, संस्कृति और विरासत एक हैं। गुरुओं, पीरों और बलिदानियों की इस महान धरती को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब पूछ रही है कि इतनी उपजाऊ धरती, मेहनती लोग और अपार संभावनाएं होने के बावजूद पंजाब पीछे क्यों रह गया।


