प्रदर्शन मार्च करते आए कांग्रेस विधायकों ने द्वार पर धक्का मुक्की करने के आरोप लगाए
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा युवाओं के सम्मान में कांग्रेस मैदान में नारा लिखी तख्ती लिए नजर आए

हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत कांग्रेस विधायकों के काली पोशाक पहने विधानसभा भवन तक प्रदर्शन मार्च के साथ हुई। मार्च करते नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में विधानसभा भवन के द्वार पर पहुंचे कांग्रेस विधायकों को पुलिस और विधानसभा के सुरक्षा कर्मियों ने रोक दिया। सुरक्षा कर्मियों और विधायकों के साथ धक्का मुक्की हुई। सुरक्षा कर्मियों ने विधायकों को तख्तियां लेकर अंदर जाने से रोका। बाद में तख्तियां छोड़कर भूपेंद्र हुड्डा और विधायक सदन में प्रवेश कर गए। सदन में दिवंगत हस्तियों को श्रद्धांजलि के लिए शोक प्रस्ताव पढ़ें जाने के बाद जैसे ही स्पीकर ने प्रश्नकाल शुरू होने की घोषणा की कांग्रेस सदस्यों ने विधानसभा भवन के द्वार पर उनके साथ धक्का मुक्की करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
कांग्रेस विधायकों के धक्का मुक्की के आरोप को लेकर हंगामा होने से सदन की कार्यवाही पहले बीस मिनट और दूसरी बार आधा घंटे के लिए स्थगित की गई।कांग्रेस सदस्यों ने आरोप लगाया कि वे शांतिपूर्ण मार्च करते आए थे पुलिस की वर्दी में गुंडे भेजे गए थे। इन गुंडों ने धक्का मुक्की की।नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि उन्हें धक्के मारे गए।उनके साथ इस तरह की घटना कभी नहीं हुई।स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि सुरक्षा कर्मी अपनी ड्यूटी कर रहे थे।उनकी ड्यूटी में सहयोग करना चाहिए।मुख्यमंत्री नायब सैनी भी हंगामे के बीच खड़े हो गए।मुख्यमंत्री ने कहा कि गुंडागर्दी तो कांग्रेस करती है।संसदीय कार्यमंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि सदन को झूठ बोलकर गुमराह किया जा रहा है।



