राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिले का कल अंतिम दिन कांग्रेस प्रत्याशी पर टिकी सियासी निगाहे

हरियाणा से राज्यसभा की रिक्त हुई दो सीटों के चुनाव के लिए नामांकन दाखिले का गुरुवार को आखिरी दिन है। भाजपा ने संजय भाटिया को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है लेकिन सियासी निगाहे कांग्रेस उम्मीदवार की ओर टिकी हुई है।
अभी तक की संभावनाओं के अनुसार कांग्रेस पार्टी हरियाणा से राज्यसभा चुनाव के लिए अनुसूचित जाति के उम्मीदवार पर दांव लगा सकती है। सूत्रों के मुताबिक, मुलाना के नेता कर्मवीर सिंह बौद्ध दौड़ में सबसे आगे हैं। दलित समुदाय से आने वाले कर्मवीर सिंह बौद्ध अंबाला के रहने वाले हैं। वह हरियाणा विधानसभा के पूर्व सचिव हैं। अब राजनीतिक हलकों में यह चर्चा जोरों पर है कि कांग्रेस आलाकमान ने उनके ही नाम पर सहमति जताई है। हालांकि, औपचारिक एलान होना अभी बाकी है। इसके अलावा अशोक तंवर और उदय भान का नाम भी चर्चा में है। पार्टी किसी भी वक्त अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक लिस्ट जारी कर सकती है।
राज्यसभा चुनाव में विधायकों का निर्वाचक मंडल होता है।विधानसभा में विधायकों की संख्या के आधार पर राजनीतिक दलों के उम्मीदवार चुने जाते है।हरियाणा विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या स्पीकर समेत 48है और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के विधायकों की संख्या 37है।संख्या के मुताबिक भाजपा और कांग्रेस एक एक सीट जीतने की स्थिति में है।भाजपा ने अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है।भाजपा उम्मीदवार संजय भाटिया पूर्व लोकसभा सदस्य है। वर्ष 2019के आम चुनाव में वे करनाल लोकसभा सीट से बड़े बहुमत से जीते थे।अभी गुरुवार को नामांकन दाखिले के अंतिम समय तक यह भी देखना होगा कि राजनीतिक दांव के तहत कोई तीसरा उम्मीदवार तो मैदान में प्रवेश नहीं कर रहा।



