Punjab

पंजाब में बी एस एफ और सेना के ठिकानों पर हल्के विस्फोट

पुलिस जांच में जुटी,सीएम भगवंत मान ने भाजपा की चुनावी चाल बताई

पंजाब में जालंधर और अमृतसर में सीमा सुरक्षा बल और सेना के ठिकानों पर विस्फोट की घटनाएं हुई लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। जालंधर में सीमा सुरक्षा बल मुख्यालय के बाहर धमाका हुआ। इसमें इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस के इस्तेमाल की शंका है। इस विस्फोट का वीडियो भी सामने आया है। अमृतसर में सेना के शिविर के भीतर भी ग्रेनेड हमले की कोशिश की गई, लेकिन वह दीवार पर टकराकर फट गया।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने अमृतसर पहुंचकर मौके का जायजा लिया। उन्होंने माना कि जालंधर व अमृतसर में आई ई डी ब्लास्ट हुए। उन्होंने कहा कि जालंधर में संभव है कि टाइमर या रिमोट से ब्लास्ट किया गया हो। इसमें पाकिस्तान खुफिया एजेंसियों का हाथ है। संभव है ऑपरेशन सिंदूर की सालगिरह की वजह से धमाके कराए गए ।

उधर, श्री आनंदपुर साहिब से शुक्राना यात्रा के दौरान पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि ये ब्लास्ट भाजपा की चुनाव की तैयारी हैं। भाजपा छोटे-मोटे विस्फोट करवाकर लोगों को डराकर वोट लेना चाहती है। यह भाजपा का तरीका है। चुनाव वाले स्टेट में ब्लास्ट और दंगे करवा दो। इसी बीच जालंधर आप लीडरशिप ने पुष्टि की है कि सीएम ने अपना जालंधर दौरा टाल दिया है। वह यहां शुक्राना कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे।धमाके के बाद चंडीगढ़ में हाई अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, जालंधर धमाके की जिम्मेदारी खालिस्तान लिबरेशन आर्मी ने एक पोस्ट शेयर कर ली। इसमें लिखा है कि डीआईजी संदीप गोयल और उनका परिवार टारगेट पर है। इतना खून बहाएंगे कि सब कुछ लाल दिखाई देगा।

जालंधर में बीएसएफ चौक के पास मंगलवार रात 7:57 बजे एक स्कूटी के पास धमाका हुआ। पुलिस जांच में एक संदिग्ध चौक की ओर से विपरीत ओर से पैदल आता दिखा। वह सीधे उस स्थान तक पहुंचा, जहां फुटपाथ पर एक्टिवा खड़ी थी। युवक ने पॉलिथीन में लिपटा पैकेट वहां छोड़ा और बस अड्डे की ओर दौड़ लगा दी। इसके कुछ सेकेंड में धमाका हो गया। जिस एक्टिवा में धमाका हुआ, वह बीएसएफ के ही रिटायर्ड जवान कश्मीर सिंह की है। उसका बेटा गुरप्रीत सिंह पार्सल लेने के लिए आया था। हेलमेट न पहने होने की वजह से बीएसएफ जवानों ने उसकी एक्टिवा बाहर खड़ी करा दी। गुरप्रीत अभी पुलिस हिरासत में है।

करीब 3 घंटे बाद अमृतसर में आर्मी कैंप खासा के बाहर मंगलवार रात करीब 11 बजे ग्रेनेड विस्फोट हुआ। अमृतसर रूरल के एस एस पी सोहेल मीर कासिम के मुताबिक बाइक पर सवार 2 नकाबपोशों ने आर्मी कैंप की तरफ ग्रेनेड फेंका। दीवार के साथ लगते ही जोरदार धमाका हुआ। धमाके से चारदीवारी पर सेना एरिया को कवर करने के लिए लगाया गया टीन शेड ढह गया। गेट नंबर 6 और 7 के बीच की दीवार को भी थोड़ा नुकसान हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button