Haryana

हरियाणा कांग्रेस ने निकाय चुनावों के लिए घोषणापत्र जारी करते हुए लगाए आरोप

घोषणापत्र में क्लीन सिटी ग्रीन सिटी का नारा

हरियाणा कांग्रेस ने यहां आगामी शहरी निकाय चुनावों के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा शासन के दौरान शहरों की हालत खस्ता हुई है और निकायों में भ्रष्टाचार व्याप्त रहा है। घोषणापत्र जारी करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने ये आरोप लगाए। इन नेताओं ने निकायों को भ्रष्टाचार मुक्त करने का वायदा भी किया।

घोषणापत्र तैयार करने के लिए गठित कमेटी की अध्यक्ष विधायक गीता भुक्कल ने घोषणापत्र में शामिल वायदों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हरियाणा के शहरों की आम समस्याओं जल भराव,सफाई और टूटी फूटी सड़कों का स्थाई समाधान किया जाएगा।उन्होंने कहा कि घोषणापत्र में क्लीन सिटी ग्रीन सिटी का नारा दिया गया है। आगामी दस मई को हरियाणा में तीन नगर निगम सोनीपत,अंबाला और पंचकुला और अन्य शहरी निकाय चुनाव के लिए मतदान कराया जाएगा। गीता भुक्कल ने कहा कि अन्य राजनीतिक दलों के मुकाबले सबसे पहले प्रत्याशियों का ऐलान करने वाली कांग्रेस ने सबसे पहले चुनाव घोषणा पत्र जारी किया है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिन वादों के साथ भाजपा सत्ता में आई थी उनकी 11 वर्षों से अनदेखी हो रही है। कांग्रेस नेताओं ने अपने घोषणा पत्र मे शहरों को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए ग्रीन सिटी क्लीन सिटी अभियान चलाने का ऐलान किया है। इसके साथ ही पार्कों, चौक चौराहों का सौंदर्यीकरण भी प्रमुख रहेगा।

कांग्रेस ने प्रदेश के नगर निकायों में भ्रष्टाचार चरम पर होने का दावा करते हुए कहा है कि इन्हें भ्रष्टाचार युक्त से भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाएगा।
शहरोंं क्षेत्रों में मंडियो, मार्केट, चौराहों, बस अड्डों पर सीसीटीवी लगाए जाएंगे। कचरे की समस्या को घोषणा पत्र में उभारते हुए कांग्रेस ने हर घर से कूड़ा लेने की प्रक्रिया को सुधारने की बात कही है।

जल आपूर्ति में सुधार, सडक़ों में सुधार, गलियों को पक्का करने जैसे मामलों को घोषणा पत्र में शामिल करते हुए कांग्रेस ने शहरी क्षेत्रों की सभी मार्केट में महिला शौचालयो की संख्या बढ़ाने का वादा किया है।

प्रदेश में बढ़ रही ट्रैफिक व्यवस्था के मद्देनजर कांग्रेस ने शहरी क्षेत्रों के लिए अलग से ट्रैफिक प्लान बनाने का वादा मतदाताओं से किया है। इसके अलावा मल्टीस्टोरी पार्किंग का निर्माण करने, बंदरों के आतंक से लोगों को छुटकारा दिलाने, प्रापर्टी आईडी में सुधार करने, प्रत्येक वार्ड में वाई-फाई युक्त लाइबे्ररी सुविधा प्रदान करने की बात कही गई है।

कांग्रेस ने निगम क्षेत्रों में आने वाले गांवों में कम्यूनिटी सेंटरों, बारात घरों तथा स्टेडियम निर्माण, मॉडल ग्राम विकसित करने, निकाय सीमा वाले गांवों में बिजली व पानी की व्यवस्था मजबूत करने, ग्रामीण क्षेत्रों में सीसीटीवी लगाने, गांव स्तर पर सरकारी कार्यों के लिए निगम की शाखा के रूप में सेवा केंद्रों की स्थापना का सपना शहरी ग्रामीणों को दिखा है।

प्रवासी मतदाताओं पर अपना ध्यान केंद्रीत करते हुए कांग्रेस ने शहरी क्षेत्रों में दशहरा, छठ पूजा आदि के लिए अलग से प्रबंध करने का वादा किया है। इस अवसर पर पार्टी के विधायक आफताब अहमद, बीबी बत्तरा, मीडिया प्रभारी संजीव भारद्वाज, के अलावा कई नेता मौजूद थे।

कांग्रेस ने यह भी किए जनता से वादे

– सार्वजनिक व महिला शौचालयों की संख्या बढ़ेगी

– बुजुर्गों के लिए विशेष हेल्थ कैंप और सुविधा केंद्र

– मल्टीलेवल पार्किंग, बंदरों के आतंक से छुटकारा, बेसहारा गोवंश को गोशालाओं में पहुंचाना

– नगर निगमों के द्वारा आपके द्वार कार्यक्रम

– प्रॉपर्टी एनडीसी तीन दिन के भीतर

– परिवार पहचान पत्र बनाने की प्रक्रिया सरल

– अनियमित कॉलोनियों को नियमित करने की सरल पॉलिसी

– स्ट्रीट वेडिंग जोन बनेंगे, हर वार्ड में वाई-फाई युक्त लाइब्रेरी

– हर वर्ड में शिशुगृह, नये गांवों के लिए कम्युनिटी सेंटर, बारात घर

– धोबी घाटों की व्यवस्था, दशहरा व छठ पूजा मैदान

– गांवों में सीसीटीवी कैमरे, सरकारी कार्यों के लिए सेवा केंद्र, बेहतर सामुदायिक केंद्र।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button