पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की याचिका पर हिसार एसपी से हाइकोर्ट ने मांगा जवाब

पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट ने हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला द्वारा दायर याचिका पर हिसार के पुलिस अधीक्षक को व्यक्तिगत रूप से हलफनामा दाखिल करने का आदेश दिया है। हाईकोर्ट ने अगली सुनवाई 30 अप्रैल निर्धारित की है।
हाल में हिसार की गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन के बाद जजपा व इनसो नेताओं पर एफआईआर दर्ज की गई थी। इस सिलसिले में 17 अप्रैल को दुष्यंत चौटाला और उनके भाई दिग्विजय चौटाला मामले के विरोध में गिरफ्तारी देने हिसार के सिटी थाना पहुंचे थे। इसके बाद एसपी ऑफिस जा रहे थे तो रास्ते में सब्जी मंडी पुल पर सीआईए इंचार्ज पवन कुमार के और पुलिस कर्मियों से उनकी काफी बहस हुई थी।
दुष्यंत चौटाला ने आरोप लगाया था कि सीआईए इंचार्ज पवन कुमार की गाड़ी से उन्हें सब्जी मंडी पुल पर कुचलने का प्रयास किया गया। पवन कुमार ने उन्हें हथियार दिखाया। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दी ग़ई है। जांच के लिए एसपी ने डीएसपी कमलजीत के नेतृत्व में एसआईटी बनाई है।



