ChandigarhHaryana

हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ने समानांतर सत्र संचालन के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष से मांगा स्पष्टीकरण

विधान सभा सचिवालय ने हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव से भी मांगी टिप्पणी

हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने विधान सभा परिसर के बाहर समानांतर सत्र चलाने के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा को औपचारिक स्पष्टीकरण देने के लिए पत्र लिखा है। इसके साथ ही विधान सभा सचिवालय ने प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव से भी इस विषय पर टिप्पणी मांगी है।

विधान सभा अध्यक्ष ने कहा है कि यह कृत्य न केवल संसदीय परंपराओं के विपरीत प्रतीत होता है, बल्कि विधान सभा की गरिमा और स्थापित प्रक्रियाओं व नियमों पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष से पूछा है कि उन्होंने किन नियमों व संसदीय प्रथाओं के तहत इस प्रकार की अवांछित गतिविधि की है।

विधान सभा अध्यक्ष की ओर से लिखे गए पत्र में यह भी पूछा गया है कि 27 अप्रैल को आयोजित हरियाणा विधान सभा के विशेष सत्र व उसकी कार्यवाही को उनके द्वारा किस संवैधानिक या प्रक्रियात्मक आधार पर असंवैधानिक करार दिया गया। इसके अतिरिक्त, सदन में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में प्रस्तुत सरकारी प्रस्ताव को ‘असंवैधानिक’ बताने के पीछे क्या ठोस आधार हैं – इस संबंध में भी विस्तृत जवाब मांगा गया है।

विस अध्यक्ष ने कहा कि विधान सभा की कार्यवाही संविधान, नियमों और स्थापित संसदीय परंपराओं के अनुरूप संचालित होती है और किसी भी प्रकार की समानांतर या भ्रामक गतिविधि लोकतांत्रिक संस्थाओं तथा इनके सदस्यों की गरिमा व प्रतिष्ठा को प्रभावित कर सकती है।

उन्होंने नेता प्रतिपक्ष से अपेक्षा जताई है कि वे इस विषय पर शीघ्र और स्पष्ट जवाब देकर स्थिति को स्पष्ट करेंगे, ताकि लोकतांत्रिक मर्यादाओं और संसदीय परंपराओं की गरिमा अक्षुण्ण बनी रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button