ChandigarhHaryana

प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह देश के सच्चे सेवक – ऊर्जा मंत्री अनिल विज

जनता बार-बार कांग्रेस और राहुल गांधी को नकार रही है

हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देश के सच्चे सेवक हैं और दिन-रात मेहनत करके भारत को विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।

विज चण्डीगढ़ में मीडिया कर्मियों द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह के संबंध में की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया के सवाल पर जवाब दे रहे थे। अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विज ने कहा कि जब कांग्रेस ने केंद्र की सत्ता छोड़ी थी, तब देश की अर्थव्यवस्था विश्व में 14वें स्थान पर थी, जबकि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है और विश्व स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है।

विज ने राहुल गांधी को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें कम-से-कम जनादेश का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकतंत्र की बातें तो करते हैं, लेकिन देश की जनता बार-बार उनके विचारों और राजनीति को नकार रही है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी लगभग 95 चुनाव हार चुके हैं, जो इस बात का प्रमाण है कि जनता कांग्रेस और उसके नेतृत्व को स्वीकार नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सबसे बड़ा निर्णायक होती है और आज देश की जनता कदम-कदम पर कांग्रेस को अस्वीकार कर रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और नेतृत्व पर विश्वास जता रही है। यही कारण है कि आज देश के 22 से अधिक राज्यों में भारतीय जनता पार्टी या उसके सहयोगी दलों की सरकारें कार्य कर रही हैं।

राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री पर “नौटंकी” करने और “टॉफी बांटने” संबंधी टिप्पणी पर विज ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के मुखिया हैं और चाहे वे देश में हों या विदेश में, हर परिस्थिति में देश का प्रशासन और नेतृत्व संभालते हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार परिवार का मुखिया कठिन समय में परिवार को सचेत करता है, उसी प्रकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी देशहित में जनता को आवश्यक सलाह दी है।

विज ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा हाल ही में कही गई सात बातों में एक बात विदेश यात्राओं को लेकर भी थी और संभवतः यही बात राहुल गांधी को सबसे अधिक चुभी है, क्योंकि वे स्वयं सबसे अधिक विदेश यात्राएं करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार राहुल गांधी अब तक लगभग 80 विदेश यात्राएं कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान राहुल गांधी स्टार प्रचारकों में शामिल थे, लेकिन चुनाव प्रचार के समय भी वे विदेश में घूमते रहे। विज ने कहा कि आज राहुल गांधी को इसलिए भी तकलीफ हो रही है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विदेश यात्राओं के माध्यम से भारत के हितों को मजबूत कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस नेतृत्व इन प्रयासों को समझने में असफल रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति आज विश्व में सबसे प्रभावशाली नीतियों में गिनी जा रही है। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मजबूत विदेश नीति का ही परिणाम है कि अंतरराष्ट्रीय संकटों के दौरान भी भारत के हित सुरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि “स्ट्रेट ऑफ हार्मुज” जैसे संवेदनशील क्षेत्र में भी भारतीय जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हुई, जबकि कई अन्य देशों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विदेश यात्राएं व्यक्तिगत कारणों से नहीं, बल्कि भारत के हितों को मजबूत करने, वैश्विक संबंधों को सुदृढ़ करने और देश की आर्थिक एवं रणनीतिक स्थिति को मजबूत करने के लिए करते हैं। वहीं, उन्होंने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे “चुपके-चुपके चीन से मुलाकातें करते हैं” और देशहित के गंभीर मुद्दों पर भी राजनीति करने से नहीं चूकते।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button