ChandigarhHaryanaPunjab

पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

जनता से किए वादे पूरे करने में विफल रही आम आदमी पार्टी की सरकार

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी आपस में मिली हुई हैं और दोनों की विचारधारा एक जैसी है। पंजाब में हुए निकाय चुनावों में जिस प्रकार कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई गईं, उसने लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि बैलट पेपर से चुनाव करवाकर पंजाब सरकार ने यह साबित कर दिया कि वह लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी हार से डरी हुई थी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कपूरथला पहुंचे, जहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पंजाब सरकार ने जनता से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन उन्हें पूरा करने में विफल रही। जनता अब समझ चुकी है कि केवल घोषणाएं करने और सब्जबाग दिखाने से विकास नहीं होता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार को जनता को यह बताना चाहिए कि चुनावों के दौरान किए गए वादों में से आखिर कितने वादे पूरे किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में विकास कार्यों के नाम पर अपेक्षित कार्य नहीं हुए और कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब हुई है। पंजाब में गैंगस्टरवाद को बढ़ावा मिला, जिससे आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाई गई ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ मुहिम भी अपेक्षित परिणाम देने में असफल रही है। युवाओं को नशे से बचाने और नशे की समस्या को खत्म करने के लिए ठोस कार्रवाई की बजाय केवल प्रचार पर अधिक ध्यान दिया गया। सरकार को इस दिशा में गंभीर प्रयास करने चाहिए थे, लेकिन धरातल पर अपेक्षित परिणाम दिखाई नहीं दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में डबल इंजन सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों तक सुविधाएं पहुंचाने का कार्य किया है। केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना के साथ राज्य सरकार की चिरायु योजना को जोड़कर प्रदेश के लाखों परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिया गया है। गरीब और जरूरतमंद लोगों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार ने प्रभावी कदम उठाए हैं।उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकासपरक नीतियों पर विश्वास जता रही है तथा आने वाले समय में पंजाब में कमल खिलाने का कार्य करेगी। जनता विकास, सुशासन और जवाबदेही की राजनीति चाहती है तथा केवल वादों से अब संतुष्ट नहीं होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button