हरियाणा में बिजली कर्मचारी यूनियनों ने हड़ताल वापस ली

हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज की अध्यक्षता में ऊर्जा विभाग की विभिन्न कर्मचारी यूनियनों, एसोसिएशनों एवं संघों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत एवं सकारात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा के उपरांत यूनियनों की संयुक्त एक्शन कमेटी ने ’’11 से 13 अगस्त तक प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल वापिस लेनेे की घोषणा’’ की।
बैठक में ऊर्जा विभाग की आयुक्त एवं सचिव आशिमा बराड़, हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (एचवीपीएनएल) के प्रबंध निदेशक डॉ. आदित्य दहिया, उत्तर व दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह, तथा विभिन्न बिजली निगमों के वरिष्ठ अधिकारी तथा ऊर्जा विभाग के अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान संयुक्त एक्शन कमेटी के प्रतिनिधियों ने बताया कि उनकी तीन प्रमुख मांगों ’’एग्री डिस्कॉम के गठन, समानांतर निजी बिजली कंपनी को लाइसेंस दिए जाने तथा स्मार्ट मीटर लगाने’’-को लेकर ऊर्जा मंत्री अनिल विज द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद उन्होंने प्रस्तावित हड़ताल वापिस लेने का निर्णय लिया है।
’एग्री डिस्कॉम के गठन’’ के संबंध में विज ने कहा कि यद्यपि मुख्यमंत्री द्वारा बजट भाषण में इसकी घोषणा की गई थी, लेकिन अभी तक विभागीय स्तर पर इस संबंध में कोई ठोस कार्रवाई प्रारंभ नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस विषय पर उनकी मुख्यमंत्री के साथ भी अभी तक कोई औपचारिक चर्चा नहीं हुई है। लेकिन भविष्य में यदि इस पर किसी भी प्रकार की कोई बात होगी तो इस संबंध में हितधारकों के साथ बात की जाएगी।



