ChandigarhPunjab

पंजाब में सरकारी दफ्तरों और स्कूलों का समय बदला

भीषण गर्मी और लू के कहर के चलते पंजाब में स्कूलों और सरकारी दफ्तरों का समय बदला गया है।अब 25 मई से पंजाब में सरकारी दफ्तर और सभी स्कूल सुबह साढ़े 7 बजे खुलेंगे और दोपहर 1.30 बजे तक बंद हो जाएंगे। सरकार का यह फैसला स्कूलों की सभी कक्षाओं के लिए लागू होगा।

सरकारी दफ्तरों और स्कूलों का समय बदले जाने की जानकारी खुद सीएम भगवंत मान ने दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर लिखा, ”गर्मी को ध्यान में रखते हुए, सोमवार, 25 मई से सरकारी ऑफिस और सभी स्कूलों में सभी कक्षाओं का समय सुबह 7:30 से दोपहर 1:30 बजे तक होगा।” पंजाब सरकार का यह फैसला सरकारी कर्मियों और स्कूली बच्चों को गर्मी की मार से बचाने और उन्हें राहत देने का काम करेगा।

उत्तर भारत में गर्मी ने अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है। अलग-अलग हिस्सों में पिछले 5 दिनों से तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। जहां तेज धूप तन को झुलसाते हुए पसीने छुड़ा दे रही है तो वहीं भीषण लू ने अलग से बुरा हाल कर रखा है। पंजाब में कहीं-कहीं तापमान 45 डिग्री को भी पार कर गया है। पंजाब , चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, यूपी और आसपास के हिस्सों में भी भीषण लू का अलर्ट जारी है। वहीं 25 मई से नौतपा शुरू होना है। जिसमें सूर्य की तपिश लोगों को और ज्यादा तपाएगी। अभी राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।

इस समय आसमान से आग बरस रही है। भयंकर तेज धूप के साथ गर्म सूखी हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर रखा है। गर्मी के प्रकोप का आलम यह है कि दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है। लोगों को खासकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच सीधे धूप के संपर्क में आने से बचने को कहा गया है क्योंकि वह गर्मी और लू आघात का शिकार हो सकते हैं। लोगों को फिलहाल गर्मी से मुक़ाबिल होना पड़ेगा। पंजाब और चंडीगढ़ में जून के अंतिम सप्ताह में मानसून के आगमन के साथ बारिश शुरू होने की संभावना है। हालांकि इससे पहले प्री-मानसून बौछारें पड़ने की उम्मीद भी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button