जगतार सिंह हवारा की पैरोल के लिए राज्यपाल से मिले मुख्यमंत्री भगवंत मान
पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड में मिला है अंतिम सांस तक आजीवन कारावास

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड में दोषी जगतार सिंह हवारा को पैरोल देने की मांग को लेकर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। उन्होंने राज्यपाल को कहा कि जगतार सिंह हवारा की माता की सेहत ठीक नहीं रहती है। उनकी इच्छा है कि वह अपने बेटे से मिले।
भगवंत मान ने राज्यपाल को कहा कि पंजाब सरकार इस बात की गारंटी लेती है कि इससे कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब नहीं होगी। किसी तरह की हुड़दंगबाजी नहीं होने दी जाएगी। पंजाब सरकार ने दस दिन की पैरोल मांगी है। हवारा अभी दिल्ली जेल में बंद है। हवारा की पैरोल के मामले में पंजाब सरकार का रुख पंथक वोट बैंक को साधने की कोशिश के तौर पर देखा जा सकता है। सरकार की ओर से पैरोल के लिए सिफारिश करना और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की गारंटी देना पंथक वर्ग के बीच सकारात्मक संदेश देने की कोशिश मानी जा रही है।सीएम भगवंत मान ने कहा कि जगतार सिंह हवारा की माता की सेहत ठीक नहीं रहती है। 31 साल के बाद जगतार हवारा को मानवता के आधार पर पैरोल दी जाए। आज उसी सिलसिले में राज्यपाल से मिलने गया था।



