ChandigarhHaryana

हरियाणा के सभी नगर निकायों में एक मई से विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के मुख्यमंत्री नायब सैनी के निर्देश

प्रदेश की नवगठित वार्ड समितियों के सदस्यों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुए रुबरु

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य के सभी नगर निकायो में आगामी एक मई से दो सप्ताह के लिए विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए है। मुख्यमंत्री ने कहा इस अभियान के अलावा वर्षभर चलने वाले सफाई कार्यों में वार्ड समिति के सदस्यों की अहम भूमिका रहेगी।

उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों को अपनी जिमेदारी समझकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “स्वच्छ भारत मिशन” के विज़न को लक्ष्य तक पहुंचाना है। स्वच्छता के मामले में बेहतरीन कार्य करने वाले वार्डों को रैंकिंग के आधार पर सम्मानित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शहरी स्थानीय निकायों में नवगठित वार्ड समितियों के सदस्यों से रुबरु हुए। नायब सिंह सैनी ने सभी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सफ़ाई व्यवस्था लोगों की सहभागिता से ही संभव है , क्योंकि जब तक प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता की स्वयं जिम्मेवारी नहीं लेगा तब तक इस अभियान को अंजाम तक पहुंचाना संभव नहीं है। उन्होंने समिति के सदस्यों का आह्वान किया कि वे अपने -अपने क्षेत्र के शहरी निकाय में कूड़ा उठाने वाले ठेकेदार से मिलकर उनके वाहन का रास्ता इस तरह से तैयार करें कि हर घर तक वाहन पहुंचे और सभी घरों का समय पर कूड़ा उठान सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने इन सदस्यों से स्वच्छता अभियान के सुझाव देने के लिए भी प्रेरित किया और कहा कि अच्छे सुझावों पर गौर करके उनको कार्य में सम्मिलित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने वार्ड समिति के इन सदस्यों को जनता और सरकार के मध्य एक सेतु बताते हुए कहा कि अगर कोई अधिकारी कूड़े के उठान से संबंधित उनकी शिकायत नहीं सुनता है तो राज्य मुख्यालय पर एक हेल्पलाइन नंबर भी दिया जाएगा जिस पर वे अपनी शिकायत उच्च स्तर तक पहुंचा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि निर्धारित स्थान के बजाए अन्य स्थान पर कूड़ा फेंकने वाले नागरिकों को समझाएं, टोकें, फिर धीरे-धीरे उनका भी मूड बदलने लगेगा और वे भी स्वच्छता में सहभागी बन जाएंगे। उन्होंने नुक्कड़ नाटक एवं अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों से भी जागरूक करने की बात कही। उन्होंने वार्ड समिति के सदस्यों को “मेरा वार्ड, स्वच्छ वार्ड” के संकल्प को पूरा करने का आह्वान करते हुए कहा कि उन्होंने अधिकारियों को इन सदस्यों की शिकायतों का निवारण प्राथमिकता के आधार पर करने के लिए निर्देश दे दिए हैं।

उन्होंने सदस्यों को अपने अपने क्षेत्र में सभी समुदायों के बीच शांति, सौहार्द एवं भाईचारा रखने में सहयोग करने की अपील भी की है। उन्होंने यह भी कहा कि सार्वजनिक पार्क, स्ट्रीट लाइट, स्टेडियम, सरकारी अस्पतालों में भी स्वच्छता के साथ-साथ अन्य बुनियादी सुविधाओं में कमियों की तरफ भी प्रशासन तथा सरकार का ध्यान आकर्षित करने को कहा। उन्होंने पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए भी जनता की मदद करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा, मुख्यमंत्री के उपप्रधान सचिव यशपाल तथा स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के मिशन-निदेशक शाश्वत सांगवान के अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button