पंजाब में जुलाई से महिलाओं के बैंक खाते में आयेंगी मावा धीया सत्कार योजना की राशि

पंजाब में एक जुलाई से 18 साल से अधिक उम्र की हर महिला के बैंक खाते में 1000 रुपए आएंगे। जो महिला अनुसूचित जाति वर्ग से है उन्हें हर माह 1500 रुपए मिलेंगे। पंजाब में आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार ने वर्ष 2022में किए चुनावी वायदे के अनुसार मावा धीया सत्कार योजना मंजूर की थी।इस योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह राशि भेजी जाएगी।पहली जुलाई से महिलाओं के बैंक खाते में अप्रैल, मई और जून माह की राशि भेजी जाएगी।इस तरह योजना का लाभ अप्रैल से मिलने वाला है।
हालांकि इसकी रजिस्ट्रेशन को लेकर साइबर ठगी शुरू हो गई है। बैंक अकाउंट वेरिफिकेशन के लिए कई महिलाओं को तकनीकी वजहों से 1 रुपए ट्रांसफर का मैसेज नहीं आता। साइबर ठग झांसा देते हैं कि वह इसे वेरिफाई करा देंगे। इसके बदले महिलाओं से आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक डिटेल मांगी जा रही है। इसे देखते हुए लुधियाना पुलिस ने महिलाओं के लिए अलर्ट जारी किया है कि वह किसी भी अनजान व्यक्ति से दस्तावेज साझा न करें, वर्ना फर्जी लोन लेने से लेकर बैंक अकाउंट तक खाली हो सकता है।
पंजाब की आप सरकार महिलाओं को 1 हजार और 1500 रुपए देने के लिए रजिस्ट्रेशन कर रही है। यह रकम डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के तहत सीधे महिलाओं के बैंक खाते में आनी है। रजिस्ट्रेशन के वक्त सरकार महिलाओं के खाते में 1 रुपया ट्रांसफर करती है, जिसका मैसेज उनके मोबाइल पर आता है। कई बार मैसेज नहीं आता लेकिन सरकारी कर्मचारी बैकएंड पर अकाउंट वेरीफाई कर देते हैं। हालांकि महिलाएं मैसेज न आने से परेशान हो रही हैं।
मैसेज न आने से परेशान महिलाओं से ठगी के लिए साइबर ठग सोशल मीडिया पर सक्रिय हो गए हैं। वे दावा कर रहे हैं कि अगर 1 रु का मैसेज नहीं आया, तो हमसे संपर्क करें और अपने दस्तावेज भेजें। इसे देखते हुए लुधियाना पुलिस ने अलर्ट जारी कर कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड या बैंक डिटेल सोशल मीडिया (जैसे व्हाट्सएप) पर शेयर न करें। ठग आपके इन दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर आपके नाम पर फर्जी लोन ले सकते हैं या आपका बैंक खाता खाली कर सकते हैं। आधार सीडिंग होने के बाद मैसेज न भी आए, तो भी घबराने की जरूरत नहीं है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि योजना की पहली किश्त 1 जुलाई को जारी की जाएगी। इसमें अप्रैल, मई और जून तीनों महीनों का पैसा एकमुश्त ट्रांसफर होगा। पहली किस्त के रूप में सामान्य वर्ग की महिलाओं को 3,000 रु और अनुसूचित वर्ग की महिलाओं को 4,500 रु एक साथ मिलेंगे।
पंजाब सरकार के आंकड़ों के अनुसार, राज्य की करीब 97फीसदी वयस्क महिलाएं (लगभग 52 लाख) इस योजना के दायरे में आती हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, रजिस्ट्रेशन का काम तेजी से चल रहा है। अब तक 36 लाख से अधिक महिलाओं के कार्ड जारी किए जा चुके हैं। बाकी बची महिलाओं के फॉर्म भी तेजी से भरे जा रहे हैं। हालांकि मान ने कहा कि रजिस्ट्रेशन कभी हो, सबको रुपए एक जुलाई 2026 से ही मिलेंगे।



