पंजाब के राज्यपाल ने प्रथम चंडीगढ़ अंतर्राष्ट्रीय मैराथन के लिए टी-शर्ट प्राप्त की;
5 किलोमीटर दौड़ में लेंगे भाग

1 मार्च को आयोजित होने जा रही प्रथम चंडीगढ़ अंतर्राष्ट्रीय मैराथन के लिए उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक, गुलाब चंद कटारिया ने लोक भवन, पंजाब में खेल विभाग, चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों से मैराथन की आधिकारिक टी-शर्ट प्राप्त की। राज्यपाल को प्रतीकात्मक रूप से टी-शर्ट संख्या 1 भेंट की गई, जो नेतृत्व और खेल भावना के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
इस अवसर पर चंडीगढ़ के गृह सचिव मंदीप सिंह बराड़ की उपस्थिति में खेल सचिव, चंडीगढ़, प्रेरणा पुरी तथा खेल निदेशक सौरभ अरोड़ा द्वारा टी-शर्ट भेंट की गई।
गुलाब चंद कटारिया अपनी धर्मपत्नी अनीता कटारिया के साथ 5 किलोमीटर मैराथन दौड़ में भाग लेंगे, जिससे नागरिकों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरणा मिलेगी।
“Run • Rise • Repeat” थीम पर आधारित यह मैराथन सभी आयु वर्ग के लोगों को फिटनेस, दृढ़ता और संकल्प को अपनाने के लिए प्रेरित करने का उद्देश्य रखती है।
यह आयोजन प्रातः 7:00 बजे चंडीगढ़ क्लब, सेक्टर-1, चंडीगढ़ से प्रारंभ होगा। प्रतिभागी निम्नलिखित चार प्रमुख श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा करेंगे: 42.19 किमी | 21.09 किमी | 10 किमी | 5 किमी
प्रथम चंडीगढ़ अंतर्राष्ट्रीय मैराथन का आयोजन खेल विभाग, चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्रभर से खिलाड़ियों, फिटनेस प्रेमियों और नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की अपेक्षा है।



