PoliticsPunjab

पंजाब सरकार के निशाने पर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सदस्य

संदीप पाठक के खिलाफ दो एफ आई आर, राजिंदर गुप्ता की फैक्ट्री पर छापा

आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए राज्यसभा सांसद अब पंजाब सरकार के निशाने पर आ गए है। इनमें से एक राजिंदर गुप्ता के ट्राइडेंट ग्रुप की बरनाला जिले के धौला स्थित फैक्ट्री पर पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के छापे के बाद अब दूसरे सांसद संदीप पाठक के खिलाफ पंजाब में गैर जमानती धाराओं दो एफआईआर दर्ज की गई हैं. इसके चलते पंजाब पुलिस द्वारा उन्हें गिरफ्तार किए जाने के आसार बढ़ गए है।. सूत्रों के अनुसार संदीप पाठक के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं. हालांकि इन प्राथमिकियों के बारे में अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है.

गिरफ्तारी की संभावनाओं के बीच राज्यसभा सांसद संदीप पाठक को दिल्ली स्थित अपने आवास से गाड़ी में बैठकर बाहर निकलते हुए देखा गया है।

संदीप पाठक और राजिंदर गुप्ता समेत सात राज्यसभा सदस्य हाल में भाजपा में शामिल हुए हैं। आप को 24 अप्रैल को उस समय बड़ा झटका लगा जब उसके 10 राज्यसभा सदस्यों में से सात- संदीप पाठक, राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, राजिन्दर गुप्ता, विक्रमजीत साहनी और स्वाति मालीवाल ने यह आरोप लगाते हुए पार्टी छोड़ दी थी कि अरविंद केजरीवाल की पार्टी अपने सिद्धांतों, मूल्यों और बुनियादी आदर्शों से भटक गई है।. इन सात सांसदों में से छह पंजाब से हैं।

राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने बीजेपी में उनके शामिल होने को आधिकारिक तौर पर स्वीकार कर लिया, जिससे राज्य सभा में ‘आप’ के सदस्यों की संख्या घटकर तीन रह गई. आम आदमी पार्टी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पार्टी छोड़ने वाले सांसदों को ‘गद्दार’ कहा था. उन्होंने कहा कि जिन सांसदों ने जनता के जनादेश का अपमान किया है, वे किसी भी तरह की दया के पात्र नहीं हैं, क्योंकि वे पंजाब और पंजाबियों के गद्दार हैं।

उधर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान इन सातों राज्यसभा सदस्यों को राइट टू रिकॉल के तहत वापस बुलाने की दलील को लेकर आगामी पांच मई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलेंगे।मान के अनुरोध पर मुलाकात की यह तिथि तय की गई है।मान सरकार सात राज्यसभा सदस्यों के भाजपा में शामिल होने के बाद संभावित राजनीतिक नुकसान को रोकने में जुट गई है।मान सरकार ने शुक्रवार को विश्वास मत हासिल किया और पार्टी पर्यवेक्षकों की बैठक बुलाकर एकजुट किया।

राजिंदर गुप्ता के ट्राइडेंट ग्रुप की फैक्ट्री पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के छापे के बाद ग्रुप ने पंजाब और हरियाणा हाइकोर्ट में याचिका दायर की है और हाईकोर्ट ने चार मई तक कार्रवाई पर रोक लगा दी। तीसरे राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने पंजाब पुलिस की सुरक्षा हटाए जाने को हाइकोर्ट में चुनौती दी है और हाइकोर्ट ने पंजाब और केंद्र सरकार से जवाब मांगा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button