रैपर बादशाह के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर प्रक्रिया शुरू
पुलिस ने यू ट्यूब से हटाया गाना, गिरफ्तारी के लिए बनाई टीमें

बॉलीवुड रैपर आदित्य प्रतीक सिंह उर्फ बादशाह के विरूद्ध हरियाणा पुलिस ने लुक आउट सर्कुलर की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने यू टयूब से बादशाह का विवादित गीत टटीरी भी हटवा दिया है। इस बीच बादशाह ने एक वीडियो जारी करके इस विवाद पर सफाई दी है।
हरियाणा पुलिस महानिदेशक कार्यालय के प्रवक्ता ने जारी जानकारी में बताया कि पुलिस ने गायक आदित्य प्रतिक सिंह सिसोदिया उर्फ बादशाह द्वारा जारी गीत वीडियो ‘टटीरी’ के मामले में एफआईआर दर्ज करने के बाद उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि आरोपी देश छोडक़र बाहर न जा सके। पंचकूला पुलिस ने संबंधित वीडियो को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाने के लिए नोटिस जारी किए हैं।
इस संबंध में साइबर थाना सेक्टर-20, पंचकूला में धारा 296 भारतीय न्याय संहिता तथा इंडिसेंट रिप्रेजेंटेशन ऑफ वीमेन (प्रोहिबिशन) एक्ट, 1986 की धारा 3 व 4 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने नाबालिग बच्चियों को स्कूल बैग फेंकते हुए और पढ़ाई से दूर भागते हुए दिखाया गया है। साथ ही बादशाला जैसे शब्दों का प्रयोग कर स्कूल और शिक्षा के माहौल को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। गीत में महिलाओं और लड़कियों के प्रति आपत्तिजनक व अशोभनीय शब्दों का प्रयोग भी पाया गया है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि वीडियो में जींद डिपो की हरियाणा रोडवेज बस दिखाई गई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि बस को वीडियो में दिखाने के लिए संबंधित विभाग से विधिवत अनुमति ली गई थी या नहीं। यदि बिना अनुमति बस का उपयोग किया गया पाया गया, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ धारा 120-बी के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। वीडियो में एक सरकारी स्कूल परिसर को भी दर्शाया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शूटिंग के लिए सक्षम प्राधिकारी से अनुमति ली गई थी या नहीं। यदि बिना अनुमति सरकारी परिसर का उपयोग किया गया पाया गया, तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पंचकूला पुलिस ने आरोपी गायक को पुलिस के समक्ष तत्काल पेश होने के लिए नोटिस जारी किया है। आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही आरोपी के देश से बाहर जाने की संभावना को देखते हुए उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पंचकूला पुलिस द्वारा यूट्यूब चैनल से इस गाने को हटवा दिया गया है 7 इसके अतिरिक्त, संबंधित वीडियो को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।पंचकूला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति इस विवादित गाने से संबंधित रील या वीडियो बनाकर अथवा साझा करके आपत्तिजनक सामग्री का प्रसार करता हुआ पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध भी कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गीत टटीरी को लेकर छिड़े विवाद के बाद बादशाह ने वीडियो जारी करके सफाई दी है। उन्होंने कहा कि मैं खुद हरियाणा से हूं। हरियाणवी संस्कृति के बारे में भली भांति परिचित हूं। मेंरे गीत के एक हिस्से के बोल से कुछ लोगों को ठेस पहुंची हैं। मैं किसी बच्चे या महिला का अपने गीत के माध्यम से अपमान करने की सोच भी नहीं सकता हूं। जिन्हें इस गीत के कारण ठेस पहुंची है इसके लिए मैं माफी मांगता हूं।



