पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड के दसवीं के परिणाम में छात्राएं, निजी स्कूल और ग्रामीण क्षेत्र आगे रहे
फरीदकोट की हरलीन शर्मा सौ फीसदी अंक लेकर राज्यभर में टॉप

पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड ने 10वीं कक्षा की वर्ष 2025-26 की परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड के चेयरमैन डॉ. अमरपाल सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। परिणाम को बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। छात्र अपना रोल नंबर डालकर परिणाम देख सकते हैं।
फरीदकोट की छात्रा हरलीन शर्मा ने स्टेट में टॉप किया है। सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल जैतो में पढ़ने वाली हरलीन ने 650 में से पूरे 650 अंक हासिल किए हैं।वहीं, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल चनौली बस्सी, रूपनगर के छात्र मनिमहेश शर्मा 650 में से 645 अंक हासिल कर दूसरे नंबर पर रहे। उन्होंने 99.23 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।इसके अलावा श्री गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल खालसा दीवान मॉडल, होशियारपुर की छात्रा रिया रानी को स्टेट में तीसरा स्थान मिला है। उन्होंने 645 अंक हासिल किए हैं। उनके भी 99.23 प्रतिशत अंक हैं।
परिणाम देखने के लिए पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड की साइट पर जाना होगा।वहां होम पेज पर परिणाम के लिए लिंक दिया गया है। उसे खोलने के बाद वहां 10वीं कक्षा के परिणाम का चयन करना है। उस पर क्लिक करने के बाद रोल नंबर और नाम दर्ज करना होगा। इसके बाद परिणाम खुल जाएगा। उसको या तो सेव कर सकते हैं या डाउनलोड कर प्रिंट निकाल सकते हैं। बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट pseb.ac.in है। अगर किसी भी छात्र को वहां परिणाम देखने में दिक्कत आती है तो उसके लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। छात्र सीधे 9549161161 पर कॉल कर अपना परिणाम या उससे संबंधित कोई भी जानकारी पूछ सकते हैं।
पिछले साल की तुलना में परिणाम गिरा।: इस साल परीक्षा में कुल 2,69,505 नियमित परीक्षार्थी बैठे थे, जिनमें से 2,54,744 स्टूडेंट पास हुए हैं। इस बार पास स्टूडेंट्स का प्रतिशत 94.52 रहा, जो पिछले साल की तुलना में कम है। पिछले साल 95.61फीसदी छात्र पास हुए थे। परीक्षा में इस बार लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों के मुकाबले थोड़ा बेहतर रहा। कुल पास स्टूडेंट्स में लड़कियों का पास 95.96फीसदी रहा। जबकि, 93.23फीसदी लड़के पास हो पाए। वहीं, ट्रांसजेंडर श्रेणी का परिणाम 100फीसदी रहा।
इसी प्रकार ग्रामीण इलाकों ने इस बार शहरी क्षेत्रों को पीछे छोड़ दिया। इस बार के परीक्षा परिणामों में जहां ग्रामीण क्षेत्र के 95.35फीसदी छात्र पास हुए। वहीं, शहरी क्षेत्रों के छात्रों का पास प्रतिशत 92.98फीसदी रहा।
स्कूलों के हिसाब से देखें तो सरकारी स्कूल थोड़े पीछे रहे। इनमें पढ़ने वाले 94.45फीसदी छात्र पास हुए हैं। वहीं, गैर-सरकारी (प्राइवेट) स्कूलों में पढ़ने वाले 95.97फीसदी छात्र पास हुए। जबकि, सहायता प्राप्त (एडेड) स्कूलों का परीक्षा परिणाम 89.68फीसदी रहा।
जिलेवार प्रदर्शन में सबसे बढ़िया प्रदर्शन अमृतसर ने किया है। यहां के 98.41फीसदी बच्चे पास हुए हैं। इस कड़ी में 98.39फीसदी के साथ फिरोजपुर दूसरे और 97.99फीसदी के साथ पठानकोट तीसरे नंबर पर रहा। सबसे कम परिणाम लुधियाना का रहा, जहां 89.20फीसदी बच्चे पास हुए हैं।



