गगनदीप रंधावा मामले में चंडीगढ़ में प्रदर्शन
पूर्व मंत्री भुल्लर और पिता पर एफ आई आर दर्ज

पंजाब में वेयरहाउस कॉरपोरेशन के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा के सुसाइड केस में भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल की ओर से चंडीगढ़ में पंजाब के मुख्यमंत्री आवास के सामने विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ धक्का मुक्की हुई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरीकेड तोड़ दिए। पुलिस ने प्रार्धनकारियी को खदेड़ने के लिए पानी की बौछारें छोड़ी।
उधर रंधावा का परिवार आप सरकार के पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर और उनके पिता सुखदेव भुल्लर की गिरफ्तारी पर अड़ गया है। रंधावा की सरकारी टीचर पत्नी उपिंदर कौर ने अमृतसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि जब तक गिरफ्तारी नहीं होती, वह पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
पत्नी उपिंदर ने कहा कि हमें धमकी मिल रही थी, इसलिए बच्चे मामा के घर भेज दिए। मैं भी स्कूल की ड्यूटी से मायके जाती थी। वहीं रंधावा की मां ने कहा कि झाड़ू वाले मेरे बेटे को खा गए। इन्होंने मेरे घर में ही झाड़ू फेर दिया।
इससे पहले शनिवार आधी रात को पुलिस ने अमृतसर के रणजीत एवेन्यू थाने में पूर्व मंत्री भुल्लर, उनके पिता और पी ए दिलबाग पर सुसाइड के लिए उकसाने समेत कई धाराओं के तहत एफ आई आर दर्ज कर ली। इसमें दिए बयान में पत्नी ने कहा कि भुल्लर ने पति को धमकाया कि गैंगस्टर मेरे पाले हुए हैं। तेरे पूरे परिवार को खत्म करने के लिए एक इशारा ही काफी है। अगर तू मेरे नियमों को नहीं मान सकता तो तुझे जिंदा रहने का हक नहीं, तू जहर खा ले। इसके बाद पति ने शनिवार (21 मार्च) की सुबह सुसाइड किया था।
चंडीगढ़ में भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल के नेताओं व वर्करों ने प्रदर्शन किया। प्रोटेस्ट शुरू होते ही वर्करों ने बैरिकेडिंग तोड़ डाले। इसके बाद पुलिस से उनकी धक्कामुक्की हुई। पुलिस ने वाटर कैनन चलाकर उन्हें पीछे हटाया। इसके बाद कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। इस पूरे मामले में आप सरकार ने भुल्लर से तुरंत इस्तीफा लेकर डैमेज कंट्रोल की कोशिश की थी, लेकिन परिवार के एफ आई आर पर अड़ने और विरोधियों के एकजुट होने के बाद केस दर्ज करना पड़ा।



