चंडीगढ़ की सुखना लेक लोगों के लिए बंद; एयर-शो के चलते फैसला लिया, टिकट से मिलेगा प्रवेश

एयर शो के मद्देनजर सुखना लेक को वीरवार दोपहर से 28 मार्च की दोपहर तक आम लोगों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इस दौरान किसी भी व्यक्ति के लेक पर जाने पर पाबंदी रहेगी। टिकट से ही प्रवेश मिलेगा।
प्रशासन के अनुसार, सुखना लेक पर होने वाले एयर शो की सभी टिकटें पहले ही बुक हो चुकी हैं। आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए शहर में सात अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इन पार्किंग स्थलों से दर्शकों को सीटीयू (चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग) की शटल बसों के माध्यम से सुखना लेक तक पहुंचाया जाएगा और कार्यक्रम के बाद वापस उन्हीं स्थानों पर छोड़ा जाएगा।
एंट्री के लिए सख्त व्यवस्था लागू की गई है। बस में चढ़ने से पहले हर व्यक्ति की टिकट स्कैन की जाएगी, जिसके बाद ही उसे प्रवेश मिलेगा। इसके साथ ही प्रत्येक व्यक्ति को एक रिस्ट बैंड पहनाया जाएगा, जिस पर उसका स्टेयरकेस नंबर अंकित होगा। इसी नंबर के आधार पर सुखना लेक पर बैठने की व्यवस्था तय की गई है।
डीसी निशांत कुमार यादव ने बताया कि 27 मार्च को एयर शो की फुल ड्रेस रिहर्सल होगी, जिसमें चीफ सेक्रेटरी राजेश प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। वहीं 28 मार्च को मुख्य आयोजन के दौरान प्रशासक गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि होंगे।
दोनों ही दिनों में आम जनता के लिए करीब 10-10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा करीब 500 वीआईपी अतिथि और 700 एयर फोर्स के अधिकारी भी इस आयोजन में शामिल होंगे। स्कूल के बच्चों के लिए अलग से विशेष बैठने की व्यवस्था सुखना लेक स्पोर्ट्स क्लब के बाहर की गई है।



