आईडीएफसी और एयू स्माल फाइनेंस बैंक घोटाला मामले में सीबीआई आठ आईएएस से पूछताछ करेगी

हरियाणा सरकार के विभागों के 590 करोड़ रुपए फर्जी बैंक खातों के जरिए निकालने के आइडीएफसी फर्स्ट बैंक और एयू स्मॉल फाइनांस बैंक से जुड़े घोटाले के मामले में सीबीआई को तीन और सीनियर आइएएस अधिकारियों से पूछताछ की अनुमति मिल गई है।अब सीबीआई आठ आई ए एस अधिकारियों से पूछताछ करेगी।
हाल ही में सीबीआई को पांच आइएएस अधिकारियों से पूछताछ की अनुमति दी गई थी। अब प्रदेश सरकार ने तीन और आइएएस अधिकारियों से पूछताछ की मंजूरी दे दी है। मामले में सीबीआई ने कुल आठ आइएएस अधिकारियों से पूछताछ की अनुमति मांगी थी। सरकार की ओर से लिखित स्वीकृति मिलते ही सीबीआई टीम जांच पर आगे बढ़ेगी। जांच की कमान सीबीआई द्वारा संभालने के बाद से ही बैंक घोटाले को लेकर लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। सबसे पहले 2014 बैच के आइएएस अनीश यादव ने घोटाले काे पकड़ा था। वर्ष 2024 में तत्कालीन कृषि निदेशक अनीश यादव ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई थी। तब जांच में सामने आया कि आइडीएफसी बैंक में 50 करोड़ और एयू स्मॉल फाइनांस बैंक में नियमों को ताक पर रखकर 25 करोड़ रुपये जमा किए गए। घोटाले के खुलासे के बाद विजिलेंस जांच में भी इसी कमेटी की रिपोर्ट को आधार बनाया गया। अब सीबीआई भी कमेटी की उसी रिपोर्ट को आधार बनाकर जांच को आगे बढ़ा रही है।



