औद्योगिक परियोजनाओं को तेजी से धरातल पर उतार रही सरकार : मुख्यमंत्री नायब सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश को देश का अग्रणी विनिर्माण केंद्र बनाने के लिए प्रमुख औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक्स परियोजनाओं को तेजी से धरातल पर उतार रही है। मुख्यमंत्री सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरिडोर विकास एवं कार्यान्वयन ट्रस्ट की शीर्ष मॉनिटरिंग अथॉरिटी की तृतीय बैठक में शामिल हुए। इस दौरान औद्योगिक एवं विनिर्माण परियोजनाओं के कार्यान्वयन की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने की। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में जुड़े।
मुख्यमंत्री ने बैठक में हरियाणा के नांगल चौधरी की इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स हब और हिसार इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर सहित प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं में भूमि स्वीकृति, कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और सरकार का लक्ष्य इन्हें जल्द धरातल पर उतारना है। नायब सिंह सैनी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा शुरू की गई भव्या योजना के तहत हरियाणा के अंबाला में 108 एकड़ भूमि पर एक औद्योगिक पार्क विकसित करने का प्रस्ताव भी केंद्र सरकार को भेजा गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नांगल चौधरी में प्रस्तावित इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स हब के प्रथम चरण से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। शीघ्र ही भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई पूरी कर फेज वन के कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा, जिसके बाद सेकेंड फेज का काम भी शुरू किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि 23 अगस्त को वे स्वयं मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स हब का दौरा करेंगे और रेल को हरी झंडी दिखाएंगे। सीडब्लयूसी आईएमएलएच के रेल यार्ड का संचालन करेगा। इसके साथ ही अन्य कार्य को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया को गति दी जाएगी।



