हरियाणा विधानसभा का घेराव करने निकले कांग्रेसियों को पुलिस ने रोका, कई हिरासत में

हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में विधायक गोकुल सेतिया ने नशे का मामला उठाया। सवाल पर मुख्यमंत्री ने जवाब दिया कि जहां से नशा आ रहा है, वहां तक पुलिस जाती है। सत्र के दौरान कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा में प्रदर्शन करने आ रहे कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट करने का मुद्दा उठाया। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हमारी सुरक्षा पर सवाल है, सरकार को इस पर जवाब देना होगा। इस पर सीएम ने कहा उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है। इस कांग्रेस विधायकों ने नारेबाजी की और सदन से बाहर चले गए।
कांग्रेस के स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा होगी। हरियाणा लोक सेवा आयोग व हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग में भर्तियों को लेकर कांग्रेस की ओर से दिए गए स्थगन प्रस्ताव को विधानसभा स्पीकर ने मंजूर कर लिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सदन में दो घोषणाएं की। सीएम ने कहा कि यमुनानगर के छछरौली के खसरा नंबर 125,134,152 का हक 1887 से सरकार के पास रहा। पीढ़ियों से यहां पर सैकड़ों परिवार रह रहे थे जिसे गैर मुमकिन आबादी इलाका दिखाया गया। सरकार ने वहां के मूल निवासियों को वहां का मालिकाना हक देने का फैसला किया है।
शहरी परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सरकार की तरफ से उठाया गया है। गुरुग्राम से फरीदाबाद और नोएडा- ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाले नमो भारत आरआरटीएस कॉरिडोर के फाइनल एलाइनमेंट को मंजूरी दी गई । कल इसकी एजेंसी एनसीआरटीसी को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। 64 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर का 52 किलोमीटर का हिस्सा हरियाणा का है।
गुरुग्राम में ये कॉरिडोर इफको चौक से शुरू होकर सेक्टर 29, मिलेनियम सिटी सेक्टर 52,सेक्टर 57, सेक्टर 61 दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन को जोड़ते हुए ग्वाल पहाड़ी तक जाएगा। वहीं फरीदाबाद में ये कॉरिडोर सैनिक कॉलोनी से होता हुआ एनआईटी, बाटा चौक, सेक्टर 12-15 दिल्ली मेट्रो की वॉयलेट लाइन को जोड़ते हुए नए फरीदाबाद को जोड़ने का काम करेगा। ये कॉरिडोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत संकल्प के रास्ते को प्रशस्त करेगा। साथ ही दिल्ली मेट्रो, रैपिड मेट्रो और गुरुग्राम मेट्रो कॉरिडोर को भी आपस में जोड़ेगा। जल्द ही इसकी डीपीआर तैयार कर ली जाएगी और ये कॉरिडोर प्रदेश में निवेश, रोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता हरियाणा विधानसभा का घेराव करने निकले। मार्च चंडीगढ़ स्थित हरियाणा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से शुरू हुआ। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों और मजदूर वर्ग के लिए जीवन रेखा है, इसलिए इसके अधिकारों की रक्षा के लिए यह आंदोलन किया जा रहा है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोका। इनमें नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद दीपेंद्र हुड्डा, प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद, प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, सांसद वरुण मुलाना, विधायक विनेश फोगाट, चंद्रमोहन, पूजा मुलाना, गीता भुक्कल, रघुबीर कादियान सहित सभी विधायक, जिलाध्यक्ष, कार्यकर्ता शामिल हैं। पुलिस ने सभी को सेक्टर 9 में रोक लिया। सांसद दीपेंद्र हुड्डा,जयप्रकाश, वरुण मुलाना सहित कुछ विधायकों को हिरासत में लिया गया है।



