ChandigarhHaryana

लाडो लक्ष्मी योजना पर आया बड़ा अपडेट

हरियाणा में अब इन महिलाओं को भी मिलेगा लाभ; सरकार ने दूसरे बजट में रखे 6500 करोड़

हरियाणा सरकार ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अब जल्द ही 1.80 लाख रुपये सालाना तक की पारिवारिक आय वाली महिलाओं को भी योजना में शामिल किया जाएगा। इसके लिए जल्द नया पंजीकरण पोर्टल खोला जाएगा। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ लेने या इसके लिए पंजीकरण कराने वाली किसी भी महिला को किसी अन्य सरकारी योजना के लाभ से वंचित नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के बीच यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि योजना में पंजीकरण कराने पर उनकी दूसरी पेंशन या अन्य सरकारी सहायता बंद हो जाएगी, जबकि ऐसा नहीं है। अन्य योजनाओं का लाभ पहले की तरह मिलता रहेगा।

हरियाणा सरकार ने शुरुआत में योजना के लिए परिवार की अधिकतम सालाना आय की सीमा एक लाख रुपये तय की थी। फिर इसे बढ़ाकर एक लाख 40 हजार रुपये किया गया। अब इसे 1.80 लाख रुपये किया जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में अतिरिक्त महिलाओं के योजना से जुड़ने का रास्ता साफ होगा।

मुख्यमंत्री के अनुसार चुनाव से पहले घोषित 217 संकल्पों में गरीब परिवारों की महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये की आर्थिक मदद देने का संकल्प शामिल था।

सरकार ने पहले बजट में इसके लिए 5000 करोड़ रुपये का प्रविधान किया और एक लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाओं को सहायता देना शुरू किया।

अब तक करीब 10 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 2000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी जा चुकी है। सरकार ने दूसरे बजट में योजना के लिए 6500 करोड़ रुपये का प्रविधान किया है।

मुख्यमंत्री का कहना है कि योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और परिवार के आर्थिक निर्णयों में उनकी भूमिका मजबूत करना है।

आय सीमा बढ़ने से कमजोर आय वर्ग की और अधिक महिलाएं सीधे आर्थिक सहायता के दायरे में आएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button