हरियाणा में सफाई कर्मचारियों का आंदोलन आक्रामक हुआ,निकाय मंत्री के कार्यालय पर प्रदर्शन
नायब सरकार की एस्मा लगाने की चेतावनी नकार दी

हरियाणा में एक माह से जारी सफाई कर्मचारियों का आंदोलन अब आक्रामक हो रहा है। सफाई कर्मचारी नियमित करने की मांग पर अड़े हुए है जबकि सरकार सेवा सुरक्षा देकर वेतन बढ़ोतरी पर समझौता करना चाहती है लेकिन सफाई कर्मचारी इस प्रस्ताव को ठुकरा चुके है। सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को फरीदाबाद में आंदोलन तेज करते हुए बड़ी संख्या में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल के सेक्टर-16 स्थित कार्यालय पर दस्तक दी। कर्मचारियों ने हाथों में झाड़ू लेकर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सफाई कर्मचारियों ने नायब सैनी सरकार की एस्मा लागू करने की चेतावनी को भी नकार दिया है।
कर्मचारी नेता स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल की कमांडो एस्कॉर्ट् गाड़ी के ऊपर चढ़ गए। पुलिस की चेतावनी के बाद कर्मचारी नेता नीचे उतरे। कर्मचारियों का कहना था कि सरकार उनकी आवाज दबाने के लिए एस्मा लगाने की बात कर रही है, लेकिन इससे उनका आंदोलन रुकने वाला नहीं है।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि वे किसी टकराव के लिए नहीं, बल्कि अपनी जायज मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं। उनका दावा है कि हड़ताल पूरी तरह संवैधानिक तरीके से की जा रही है। कर्मचारियों ने साफ कहा कि एस्मा लगाने की चेतावनी से वे डरने वाले नहीं हैं और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
सफाई कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल 6 अगस्त से चल रही है। कर्मचारियों का आरोप है कि 13 मई को सरकार के साथ बातचीत में कई मुद्दों पर सहमति बनी थी, लेकिन उन्हें लागू करने के लिए लिखित आदेश जारी नहीं किए गए। इसी वजह से कर्मचारियों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है।



