पंजाब और चंडीगढ़ में तीसरी बार बढ़े पेट्रोल और डीजल के दाम,महंगा होगा ट्रांसपोर्ट

पंजाब-चंडीगढ़ में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर इजाफा हुआ है। पेट्रोल के दाम में करीब 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। मोहाली में पेट्रोल का रेट सबसे ज्यादा 103.39 myरुपए पहुंच गया । इससे पहले 15 मई और 19 मई को भी दाम बढ़ाए गए थे। सिर्फ 9 दिनों के भीतर तीसरी बार लोगों को महंगे ईंधन का झटका लगा है।
चंडीगढ़ में पेट्रोल अब 98.93 रुपए प्रति लीटर और डीजल 86.93 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। 15 मई से पहले डीजल 82.45 रुपए प्रति लीटर था, जो अब लगभग 4 रुपए तक महंगा हो चुका है। हिमाचल के शिमला में भी तेल कीमतों में इजाफा हुआ। पेट्रोल अब 100 रुपए 14 पैसे प्रति लीटर और डीजल 92 रुपए 17 पैसे प्रति लीटर हो गया है।
पेट्रोल-डीजल महंगा होने का सीधा असर ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर पड़ता है। शहर में टैक्सी, ऑटो और माल ढुलाई के किराए बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। सब्जियों, राशन और रोजमर्रा की चीजों के दाम भी बढ़ सकते हैं। व्यापारियों का कहना है कि लगातार ईंधन मूल्य बढ़ने से माल ढुलाई की लागत बढ़ रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि पेट्रोल-डीजल के दामों में 3 रु की यह बढ़ोतरी काफी नहीं है। अपना घाटा पूरी तरह खत्म करने और ‘ब्रेक-ईवन’ यानी नो प्रॉफिट-नो लॉस की स्थिति में आने के लिए इन कंपनियों को अभी पेट्रोल के दाम 28 रु प्रति लीटर और डीजल के दाम 32 रु प्रति लीटर तक बढ़ाने की जरूरत है।
फिलहाल पेट्रोल पर 29.5फीसदी और डीजल पर 36.5फीसदी की कमी बनी हुई है। अगर ईरान जंग के कारण ग्लोबल एनर्जी मार्केट में सप्लाई इसी तरह प्रभावित रही, तो आने वाले दिनों में और भी इजाफा देखने को मिल सकता है।
पंजाब टैक्सी यूनियन-31 के प्रधान का कहना है- फिलहाल तो टैक्सी के रेट नहीं बढ़े। 1-2 दिन में यूनियन की मीटिंग करेंगे और उसके बाद आगे फैसला लेंगे। वैसे भी, अब स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों के कारण बुकिंग आने लगी हैं इसलिए टैक्सी यूनियन भी जल्द ही किराए पर फैसला लेगी। पेट्रोल-डीजल के रेट फिर बढ़े तो किराया 5फीसदी से 10फीसदी बढ़ेगा, इससे लोगों का समर वैकेशन का बजट भी 20 फीसदी से 30 फीसदी तक बढ़ जाएगा।
पेट्रोल-डीजल का रेट बढ़ने से किराए में 5 से 10 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हो सकती है। अगर लुधियाना से शिमला जाना है तो 7 सीटर सामान्य टेक्सी की बुकिंग 11 से 12 हजार रुपए में हो जाती है। वहीं अगर लग्जरी गाड़ी करते हैं तो किराया 15 से 16 हजार रुपए हो जाता है। उनका कहना है कि 11 से 12 हजार वाली गाड़ियों का भाड़ा 11500 रुपए से 12500 रुपए तक बढ़ जाएगा।



