अंबाला में कुलविंद्र कौर और सोनीपत में कमल दीवान कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अंबाला तथा सोनीपत नगर निगम मेयर पद के प्रत्याशियों की औपचारिक घोषणा कर दी है। अंबाला नगर निगम का मेयर पद बीसी (बी) महिला के लिए आरक्षित है, जबकि सोनीपत नगर निगम मेयर पद सामान्य श्रेणी में है। कांग्रेस ने मेयर पद के प्रत्याशी सभी दलों से पहले घोषित किए है।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि अंबाला नगर निगम के लिए कुलविंद्र कौर (धर्मपत्नी कृपाल सिंह सैनी) तथा सोनीपत नगर निगम के लिए जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के अध्यक्ष कमल दीवान को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया गया है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कमल दीवान एक प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता देवराज दीवान सोनीपत से विधायक रह चुके हैं और क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ है तथा जनसेवा का लंबा अनुभव रहा है। इसी प्रकार श्रीमती कुलविंद्र कौर का परिवार भी शहर का एक सम्मानित एवं प्रतिष्ठित परिवार है, जो सदैव स्थानीय लोगों के सुख-दुख में सहभागी रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस पार्टी पूर्ण मजबूती, संगठनात्मक एकजुटता और व्यापक जन समर्थन के साथ इन चुनावों में सभी सीटों पर विजय प्राप्त करेगी। उन्होंने यह बताया कि पंचकूला नगर निगम के मेयर पद के प्रत्याशी की घोषणा भी शीघ्र ही कर दी जाएगी।



